हमीरपुर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने शनिवार को सुजानपुर में सम्मान समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीएम सुजानपुर राकेश शर्मा ने की। देश, समाज के विकास में वरिष्ठ नागरिकों के योगदान की सराहना करते हुए एसडीएम ने कहा कि इनके आशीर्वाद और मार्गदर्शन से ही हम आज इस मुकाम पर पहुंचे हैं। जीवन में आगे बढ़ने के लिए बुजुर्गों का आशीर्वाद और मार्गदर्शन सर्वोपरि होता है।
इनके सम्मान में हर वर्ष पहली अक्तूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया जाता है। इससे पूर्व तहसील कल्याण अधिकारी बलदेव सिंह चंदेल ने मुख्यातिथि, अन्य अधिकारियों तथा वरिष्ठ नागरिकों का स्वागत किया और बुजुर्गों के कल्याण के लिए सरकार की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने भी अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। समारोह के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया तथा चार बुजुर्गों 84 वर्षीय संसार चंद धीमान, 75 वर्षीय रघु राम, 80 वर्षीय गीता देवी और 96 वर्षीय मिलापो देवी को शॉल एवं टोपी भेंट करके सम्मानित भी किया गया। समारोह में तहसीलदार डॉ. अशोक पठानिया, अन्य अधिकारी, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष तिलक राज कश्यप तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक भी उपस्थित रहे।