हमीरपुर। एनआईटी हमीरपुर में शुक्रवार रात को एक छात्र के अभिभावक की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक अभिभावक यहां पढ़ने वाले एक छात्र का दादा बताया जा रहा है। मृतक की पहचान सरस्वतुला वेंकट राम शर्मा पुत्र वेंकटेश्वरलू निवासी बोडापाडू डाकघर चिलकम्पाडु थाना पेंटापडु जिला पश्चिम गोदावरी आंध्र प्रदेश के रूप में हुई है।
एनआईटी हमीरपुर में इन दिनों कला उत्सव हिल फेयर उत्सव चल रहा है। इसमें विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया है। मामला सतपुरा हॉस्टल का बताया जा रहा है। करीब 75 वर्षीय बुजुर्ग भी दक्षिण भारत से छात्र के आमंत्रण पर एनआईटी आए हुए थे। अचानक दिल का दौरा पड़ने पर बुजुर्ग को एनआईटी की एंबुलेंस में मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, लेकिन अस्पताल लाने से पहले ही बुजुर्ग की मौत हो चुकी थी।
उधर, एनआईटी हमीरपुर के रजिस्ट्रार विनोद कपूर ने कहा कि संस्थान के एक छात्र के दादा की मौत हुई है। प्रारंभिक चरण में हृदय गति रुकना मौत का कारण माना जा रहा है, लेकिन मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम के बाद ही चल पाएगा।