गलोड़ (हमीरपुर)। ग्राम पंचायत गोईस के गांव खोरड में पोते की मौत के डेढ़ माह के बाद अब दादा की भी मृत्यु को गई है। पोते शिवम कपूर की सड़क हादसे में हुई मौत के सदमे को दादा सह नहीं सके और डेढ़ माह के अंतराल में परिवार में दूसरी मौत हो गई। गलोड़ क्षेत्र की गोईस पंचायत के खोरड गांव के बलवंत राय का अचानक निधन हो गया। बलवंत राय के इकलौते पोते शिवम कि 15 मार्च को कुना सड़क के पास सड़क हादसे में मृत्यु हो गई थी। शिवम के साथ उस समय उसकी बहन अंशिका भी बाइक पर सवार थी।
दोनों भाई और बहन सुजानपुर मेला देखने के बाद घर लौट रहे थे। इस दौरान बाइक दुर्घटना में शिवम की मौत हो गई। दादा बलवंत राय पोते शिवम को बहुत ही लाड़ प्यार करते थे। जब से शिवम की मौत हुई थी दादा बलवंत राय काफी गमगीन और खामोश रहते थे। शिवम की मौत से पूरा परिवार ही तहस-नहस हो गया। परिवार से डेढ़ माह के अंतराल में ही दूसरी अर्थी आंगन से उठ गई। गरीब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। छोटी सी सब्जी की दुकान से घर परिवार खुशहाल जीवन जी रहा था। शिवम ने भी अभी परिवार को संभालने का क्रम शुरू ही किया था कि अचानक शिवम की मौत से सारा परिवार ही बिखर गया। सोमवार को शिवम के दादा बलवंत राय का भी अंतिम संस्कार कर दिया गया। पंचायत प्रधान राजेंद्र कुमार, संजीव शर्मा, संजय शर्मा, तृप्ता देवी, निशा देवी, पूर्व प्रधान बीना देवी, निर्मला देवी, एनजीओ के अध्यक्ष देशराज शर्मा कई लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।