अवाहदेवी/हमीरपुर। एचपीएसईबीएल ग्रेजुएट जूनियर इंजीनियर एसोसिएशन की प्रथम राज्य कार्यकारिणी की बैठक रविवार को इंजीनियर दीपक चौहान की अध्यक्षता में मोंही में हुई। बैठक में स्नातक कनिष्ठ अभियंताओं की समस्याओं और मांगों पर विचार विमर्श किया गया। इसमें पिछले कई वर्षों से बिजली बोर्ड में स्नातक कनिष्ठ अभियंताओं से हो रही अनदेखी पर रोष व्यक्त किया गया। अभियंताओं ने मांग की है कि स्नातक कनिष्ठ अभियंता का पदोन्नति कोटा 5 फीसदी से बढ़ाकर 30 फीसदी किया जाए। पोस्ट कोड 663 का रिजल्ट जोकि कोर्ट केस की वजह से रुका हुआ है, जिससे कनिष्ठ अभियंताओं पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है, उसमें बोर्ड के स्नातक कनिष्ठ अभियंताओं के प्रति सकारात्मक सहयोग करें। स्नातक कनिष्ठ अभियंताओं को पदोन्नत करके एचपीपीटीसीएल और एचपीपीसीएल में प्रतिनियुक्ति पर भेजा जाए और वहां पर बोर्ड अभियंताओं का कोटा निर्धारित किया जाए। बिजली बोर्ड में अगर कोई दुर्घटना होती है तो एफआईआर कनिष्ठ अभियंता के नाम पर न करके विभाग के नाम पर की जाए। बैठक में प्रदेश भर से सभी स्नातक कनिष्ठ अभियंताओं ने भाग लिया। एसोसिएशन के महासचिव अनिल चौहान ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी ने सभी कनिष्ठ अभियंताओं को आश्वासन दिया है कि उनकी मांगों को बिजली बोर्ड प्रबंधन और सरकार के समक्ष जोर-शोर से उठाया जाएगा।