हमीरपुर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम सरकार गांव के द्वार कार्यक्र के तहत बुधवार को हमीरपुर की निकटवर्ती ग्राम पंचायत कालेअंब में लोगों की समस्याओं की सुनवाई की। साथ ही सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। कार्यक्रम के दौरान गांव कालेअंब, भारीं, भलेड़ा, गाहरा, रोपा, गजोह और आसपास के गांवों की समस्याओं की सुनवाई की गई। सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेशभर में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम आरंभ किया है।
प्रदेश में व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में मुख्यमंत्री का यह एक और सराहनीय कदम है। इससे जहां लोगों की कई छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान मौके पर ही हो जाएगा, वहीं सरकार की कई महत्वपूर्ण योजनाओं के क्रियान्वयन में भी तेजी आएगी। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वे लोगों से संबंधित समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर करें। इसमें अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। प्रदेश सरकार के एक वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों की चर्चा करते हुए बिट्टू ने कहा कि ओल्ड पेंशन, मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना, राजीव गांधी स्वरोजगार योजना और कई अन्य महत्वपूर्ण योजनाएं आरंभ करने के साथ-साथ मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित लोगों के लिए 4500 करोड़ रुपये का विशेष आपदा राहत पैकेज जारी कर एक ऐतिहासिक निर्णय लिया है। इस अवसर पर पंचायत प्रधान निर्मला डोगरा और रत्न चंद डोगरा ने सुनील शर्मा बिट्टू और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।