हमीरपुर। प्रदेश विज्ञान अध्यापक संघ हमीरपुर ने प्रदेश टीजीटी से प्रवक्ता पद की पदोन्नति जल्द से जल्द करने की मांग उठाई है। संघ के प्रधान विकेश कौशल ने कहा कि प्रदेश सरकार चुनाव आयोग से अनुमति लेकर लंबे समय से लटकी टीजीटी से प्रवक्ता पद की पदोन्नति जल्द करे ताकि आगामी शैक्षणिक सत्र में बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो। उन्होंने कहा कि संघ इस मांग को लेकर गंभीर है तथा पिछले काफी समय से इस मांग को प्रमुखता से प्रदेश सरकार के समक्ष उठाता आया है। चुनाव खत्म होने तक लगभग तीन माह गुजर जाएंगे तथा इससे बच्चों की पढ़ाई पर बहुत बड़ा असर पड़ सकता है। संघ के सचिव रविंद्र, वित्त सचिव विपन, मीडिया सचिव राजेश गौतम तथा गलोड़ ब्लॉक अध्यक्ष अतुल शर्मा, भोरंज ब्लॉक अध्यक्ष अनिल बरवाल, हमीरपुर ब्लॉक अध्यक्ष अरुण कुमार ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से आग्रह किया है कि पदोन्नति के इस मुद्दे में हस्तक्षेप करें ताकि बच्चों और अध्यापकों के साथ न्याय हो सके।