सरकारी स्कूलों में घटती विद्यार्थियों की संख्या को बढ़ाने का होगा प्रयास
होर्डिंग्स और बैनरों के माध्यम से अभिभावक शिक्षक पहुंचेंगे घर-घर
अप्रैल तक सरकारी स्कूलों में चलाया जाएगा यह अभियान
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। जिलेभर के सरकारी स्कूलों के अध्यापक और अभिभावक अप्रैल तक घर-घर जाकर अभिभावकों को जागरूक करेंगे। अध्यापक सरकारी स्कूलों में लगातार कम हो रही विद्यार्थियों की संख्या को बढ़ाने के लिए अभियान चलाएंगे। शिक्षा विभाग ने जिलाभर के स्कूल प्रमुखों को स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं ताकि सरकारी स्कूलों की योजनाओं के बारे में अभिभावकों को बताया जा सके। वर्तमान में सरकारी स्कूलों में निजी स्कूलों की तर्ज पर सुविधाएं होने के बावजूद सरकारी स्कूलों में लगातार विद्यार्थियों की संख्या कम हो रही है। ऐसे में सरकारी स्कूल बंद होने के कगार पर हैं। स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए अभिभावक और स्कूल प्रबंधन समिति के सदस्य होर्डिंग्स और बैनरों के माध्यम से गांवों में घर-घर जाकर अभिभावकों को सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों को दाखिल कराने के बारे में जागरूक करेंगे ताकि स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या को बढ़ाया जा सके। जिले में दो शैक्षणिक सत्रों के भीतर 20 सरकारी स्कूलों पर ताला लटक चुका है। ऐसे में स्कूलों को खुला रखने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से सरकारी स्कूलों के अध्यापकों को अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इस बारे में उच्चतर शिक्षा विभाग हमीरपुर के उपनिदेशक अनिल कौशल ने कहा कि सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या को बढ़ाने के लिए अभिभावक अध्यापक घर-घर जाकर सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए अभियान चलाएंगे।