भारतीय टीम बांग्लादेश, मालदीव और श्रीलंका को हराकर बनी विजेता
हमीरपुर बास्केटबाल संघ और पंचायत प्रतिनिधियों ने स्वर्ण पदक जीतने पर दी बधाई
संवाद न्यूज एजेंसी
जाहू (हमीरपुर)। श्रीलंका के कोलंबो में हुई अंडर-18 अंतरराष्ट्रीय बास्केटबाल प्रतियोगिता में भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक जीता है। भारतीय टीम के खिलाड़ी एवं हमीरपुर जिला के भोरंज उपमंडल के कैहरवीं पंचायत के रूढ़ान गांव के वेदांश ने भारतीय टीम में शानदार प्रदर्शन करके अपनी अलग पहचान बनाई है। वेदांश का पैतृक गांव कैहरवीं-रूढ़ान पहुंचने पर बुधवार को जिला बास्केटबाल संघ, पंचायत प्रधान, ग्रामीणों और स्वजनों ने डोल-नगाड़ों और हार पहनाकर भव्य स्वागत किया। भारतीय टीम ने बांग्लादेश, मालदीव और मेजबान श्रीलंका को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया है। हमीरपुर जिला बास्केटबाल संघ के अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा, सदस्य संजीव ठाकुर, संजय ठाकुर, प्रीतम, सुरेंद्र बबली, सोनू डोगरा, केशव, राजेश गार्गी तथा स्वर्ण पद विजेता के चाचा संजय कुमार, विनोद संख्यान, भाग सिंह रणौत, ध्यान चंद रणौत, पंचायत प्रधान सम्मी कुमार ने वेदांश को बधाई दी और कहा कि यह उपलब्धि हमीरपुर जिले के लिए गौरव की बात है। उधर, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने भी वेदांश को बधाई देते हुए कहा कि यह हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व की बात है।