इंपैक्ट अमर उजाला
विभाग ने टेंडर किए आवंटित, जल्द कार्य होगा शुरू
अस्पताल ने लोक निर्माण विभाग के इलेक्टि्रकल विंग को दिए थे 75 लाख
सोनम शर्मा
हमीरपुर। आठ माह से फाइलों में दफन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर में लगने वाला 500 केवी का जनरेटर अब बाहर निकलेगा। 10 दिन के भीतर इसे स्थापित कर दिया जाएगा। लोक निर्माण विभाग की इलेक्टि्रकल विंग ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया को पूरा कर लिया है। जिस ठेकेदार को यह कार्य आवंटित किया गया है वह दस दिन के भीतर जनरेटर लगाएगा। आठ अक्तूबर के अमर उजाला संस्करण में मेडिकल कॉलेज में आठ माह बाद भी नहीं लगा जनरेटर शीर्षक से कार्य में हो रही देरी को प्रमुखता से प्रकाशित किया था।
लोक निर्माण विभाग की इलेक्टि्रकल विंग ने इस कार्य के लिए मेडिकल कॉलेज परिसर में जगह चिह्नित कर ली गई है। यहां पर एंबुलेंस इत्यादि पार्क रहती है। ऐसे में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से जगह खाली करने को कहा गया है ताकि यहां पर जनरेटर स्थापित करने के निर्माण कार्य शुरू किया जा सके। मेडिकल कॉलेज प्रबंधन की ओर से विभाग को आठ माह पूर्व लाखों की राशि सौंपी गई थी। बावजूद इसके आज तक यह योजना सिरे नहीं चढ़ पाई है। हालांकि, राशि कम थी ऐसे में विभाग ने अतिरिक्त राशि की डिमांड की थी। अब पूरी राशि मिलने के बाद विभाग ने इस कार्य के लिए टेंडर आवंटित कर दिए हैं। ऐसे में मरीजों व चिकित्सकों को परेशान नहीं होना पड़ेगा। पहले लोकसभा और विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के चलते यह कार्य ठंडे बस्ते में रहा है। जनरेटर लगने से अस्पताल में चिकित्सकों और मरीजों को काफी सुविधा मिलेगी। वर्तमान में बिजली गुल होने पर एक्सरे, सीटी स्कैन आदि सब टेस्ट रुक जाते हैं। कर्मचारियों का कामकाज भी ठप पड़ जाता है। लोक निर्माण विभाग के इलेक्टि्रकल विंग के अधिशाषी अभियंता संजीव शर्मा ने कहा कि जनरेटर को इंस्टॉल करने के लिए टेंडरिंग प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जल्द ही कार्य शुरू कर दिया जाएगा। दस दिन के भीतर इस कार्य को पूरा कर लिया जाएगा।