महारल पंचायत मलबे में दबी गाय को निकालते ग्रामीण। स्रोत: जागरूक पाठक
बिझड़ी(हमीरपुर)। लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को मुश्किलों में डाल दिया है। ग्राम पंचायत महारल में मंगलवार को स्लेटपोश गोशाला ढह गई। इससे गोशाला में बंधी गाय और बछड़ी मलबे में दब गए। पीड़ित बलबीर सिंह ने कहा कि मूसलाधार बारिश के कारण पानी के रिसाव से गोशाला अचानक गिर गई।गोशाला गिरने की आवाज सुनते ही परिजन और पड़ोसी मौके पर पहुंचे तो गाय और बछड़ी मलबे में दबे हुए थे। थोड़ी ही देर में आसपास के ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए और सभी ने मिलकर राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद पशुओं को बाहर निकाला गया। ग्रामीणों ने कहा कि लगातार बरसात से कई मकान और गोशालाओं की कमजोर दीवारें गिरने से हादसे की आशंका बनी रहती है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित क्षेत्रों का तुरंत निरीक्षण करने और जरूरी कदम उठाने की मांग की है। संवाद