हमीरपुर। जिला मुख्यालय के साथ लगते बजूरी गांव में लगे कचरा ट्रीटमेंट प्लांट के कूड़े को खड्ड में फेंकने का स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध जताया है। बुधवार को कूड़े का उचित निपटान करने की बजाय उसे खड्ड में फेंकने में जुटी जेसीबी को ग्रामीणों ने बंद करवा कर वापस भिजवा दिया। वहीं इस संबंध में ग्रामीणों ने नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को भी सूचना दी, लेकिन अधिकारी ने मौके पर आने से मना कर दिया। ग्रामीणों रीता देवी, रीता शर्मा, सुनीता शर्मा, हर्ष शर्मा, नमन शर्मा, सिमरो देवी, राज कुमारी, लीला देवी, मनोज कुमार, रवि शर्मा ने कहा कि जब वे मौके पर गए तो जेसीबी ट्रीटमेंट प्लांट के कूड़े को पलटकर खड्ड की ओर फेंक रही थी। उन्होंने मौके पर जाकर जेसीबी को रुकवाया और वापस भेज दिया। उनका कहना है कि जब नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी को फोन किया तो उन्होंने मौके पर आने से मना कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रीटमेंट प्लांट का कूड़ा अगर खड्ड में फेंका जाएगा तो इसका विरोध करेंगे। क्योंकि यहां गंदगी होने से आसपास के घरों के लोगों को दुर्गंध और मक्खी मच्छरों की समस्या से दो-चार होना पड़ता है।