हमीरपुर। एसआईयू और बड़सर थाना पुलिस की ओर से बणी में 30 ग्राम चिट्टे के साथ धरे गए पेट्रोल पंप मालिक आशीष कुमार उर्फ ईशू को शुक्रवार को दोबारा अदालत में पेश किया गया। आरोपी को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। आरोपी से बीते तीन अप्रैल को बणी स्थित पेट्रोल पंप से पॉलिथीन लिफाफे में चिट्टा बरामद किया गया था। आरोपी आशीष कुमार ईशु पुत्र नरेश कुमार गांव सेरी डाकघर बणी एमबीए पास है। पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया है कि वह अपने दोस्तों के साथ चिट्टे का सेवन करता था जिस वजह से इतनी मात्रा में चिट्टा खरीदा था। हालांकि किसने उसे यह चिट्टा सप्लाई किया है, यह भी खुलासा नहीं हो सका है। जिन दोस्तों के साथ उसने चिट्टा सेवन करने की बात कहीं है, वे भी पुलिस जांच के दायरे में हैं। पुलिस को इस मामले में तस्करी की आशंका है लेकिन अभी तक ठोस सुबूत हाथ नहीं लगे हैं। तस्करी के पहलू पर पुलिस शुरू से ही जांच में जुटी है। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर भगत सिंह ठाकुर ने कहा कि आरोपी को अदालत ने 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा है। मामले में छानबीन जारी है।