बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के मगनोटी गांव में चोरी के आरोपियों को 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। चोरी की शिकायत पुलिस को 6 जुलाई को मिली थी। बड़सर पुलिस ने एसएचओ मस्त राम नाइक के नेतृत्व में मात्र 12 घंटों में मामला सुलझा लिया। मंगनोटी गांव के अमनदीप के घर सेंध लगाकर चोरों ने घर के लॉकर से सोने की चूड़ियां, मंगलसूत्र, लॉकेट, दो जोड़ी चांदी की पायल और लगभग 15000 नकदी चोरी की थी। इसकी शिकायत अमनदीप निवासी मंगनोटी ने पुलिस चौकी बिझड़ी में दर्ज करवाई थी। शक के आधार पर मंगलवार को पुलिस टीम ने सोहारी के पास एक गाड़ी की तलाशी ली। इसमें पुलिस को चोरी का कुछ सामान मिला। पुलिस ने जब आरोपियों से गहनता से पूछताछ की तो उन्होंने मंगनोटी गांव में हुई चोरी को कबूल कर लिया। चोरों से पुलिस ने सोने की दो चूड़ियां और मंगलसूत्र, लॉकेट जिनका वजन 40 ग्राम और दो जोड़े पायल चांदी बरामद कर लिया है। पुलिस ने विभिन्न धाराओं के अंतर्गत अजय कुमार निवासी मंगनोटी, रजत कुमार निवासी करहां और चोरी का सामान खरीदने के आरोप में स्थानीय ज्वेलर रोहित निवासी बिझड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। डीएसपी शेर सिंह ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने विभिन्न धाराओं के अंतर्गत तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके कोर्ट से 4 दिन की पुलिस रिमांड मिली है।