भोरंज (हमीरपुर)। पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने पंचायती राज विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह खड़ा करते हुए कहा कि विभाग की ओर से किया गया पुनर्सीमांकन का कार्य दोषपूर्ण है। इस पर पुन: विचार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भोरंज विधानसभा क्षेत्र में चार वार्ड बने हैं, जिनमें दो वार्डों में अधिकतर ग्राम पंचायतें हमीरपुर और सुजानपुर विधानसभा क्षेत्रों से सम्मिलित की गई हैं। पांच विधानसभा क्षेत्र में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में तीन-तीन वार्ड बन सकते थे। उन्होंने कहा कि जिला परिषद वार्डों की सीमाएं भी विधानसभा क्षेत्र के अंदर ही रहें, तो चुने हुए प्रतिनिधियों को लोगों की सेवा करने में बड़ी सुविधा होगी। इससे जिला परिषद की बैठकों में अलग-अलग विभागों में योजनाएं बनाने में भी सुविधा होगी। संवाद