हमीरपुर। उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी में शनिवार को वन विभाग के अधिकारियों को हरड़, आंवला, चंदन, मालानाद नीम, लसूड़ा उगाने का प्रशिक्षण दिया गया। महाविद्यालय की ओर से वन मंडल हमीरपुर के अधिकारियों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी के डीन डॉ. कमल शर्मा ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने प्रशिक्षुओं को वानिकी की तकनीकों को जमीनी स्तर पर पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। शिविर के आयोजन में डॉ. सोमदत्त शर्मा ने जंगलों को आग और उसकी रोकथाम के बारे में विस्तृत जानकारी दी। डॉ. दुष्यंत शर्मा ने प्रशिक्षुओं को मालाबार नीम की खेती की जानकारी दी। इस प्रशिक्षण शिविर में वन मंडलाधिकारी हमीरपुर एलसी वंदना भी उपस्थित रहीं। शिविर में 64 अधिकारियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।