भोरंज/जाहू (हमीरपुर)। विधानसभा क्षेत्र भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने शुक्रवार को लींड़ी खड्ड पर दो गांवों दर और गुजरेहड़ा के लिए फुट ब्रिज के निर्माण के लिए भूमि पूजन करके शिलान्यास किया। उन्होंने कक्कड़ में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान दर और गुजरेहड़ा के ग्रामीणों ने फुट ब्रिज बनाने की मांग की थी। इसे पूरा करने के लिए फुट ब्रिज का शिलान्यास किया गया है तथा इस पर एक करोड़ 64 लाख रुपये खर्च होंगे।
इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग को कक्कड़ से गुजरेहड़ा गांव के लिए सड़क निर्माण के लिए प्राक्कलन तैयार करने के आदेश दिए। उन्होंने लोगों से सड़क निर्माण के लिए भूमि देने का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा कि फगलोट गांव में तीन लाख 68 हजार रुपये से महिला मंडल भवन का निर्माण, कक्कड़ पंचायत के डयूंगली गांव की सड़क को पक्का करने और डंगों के निर्माण पर 16 लाख रुपये, जबकि पानी की समस्या को दूर करने के लिए अप्पर कक्कड़ और फगलोट में ओवर हेड टैंक का निर्माण किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव कमलदेव राज, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष राजीव लाल मैहर, जिला सचिव परवेश ठाकुर, युकां ब्लॉक अध्यक्ष राकेश गोल्डी, सोशल मीडिया प्रभारी चंदन ठाकुर, रवि ठाकुर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता ब्रहमदास, कक्कड़ पंचायत प्रधान विनोद कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।
(समाचार: बवीता चंदेल)