नादौन के एक राशन डिपो में उपभोक्ता को मिली थी खराब दाल, शिकायत पर कार्रवाई
विभाग ने मौके पर आकर भरे सैंपल, रिपोर्ट आने तक बिक्री भी की बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
नादौन (हमीरपुर)। उपमंडल नादौन के एक राशन डिपो में चने की खराब दाल मिलने पर उपभोक्ता की शिकायत पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई की है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक अरविंद शर्मा की अगुवाई में खाद्य आपूर्ति निरीक्षक नादौन नीना कुमारी, सुजानपुर से संदीप सकलानी तथा हमीरपुर से रणजीत सिंह ने नादौन के इस डिपो का निरीक्षण किया। इस दौरान उड़द और चने की दाल सहित आटे के सैंपल भरे। वहीं, शर्मा ने संबंधित दाल की खेप की बिक्री को सैंपल की रिपोर्ट आने तक बंद कर दिया है। नादौन के एक उपभोक्ता ने शिकायत की थी कि डिपो से लिया गया चने की दाल का पैकेट जब उसने घर जाकर खोला तो दाल खराब निकली। शिकायत मिलने के बाद विभाग की टीम ने नादौन के इस डिपो पर पहुंचकर यह सैंपल भरे। इस दौरान उन्होंने डिपो में सामान लेने आई महिलाओं और अन्य लोगों से डिपो पर मिल रहे समान के बारे में पूरी फीडबैक ली। अरविंद शर्मा ने इसके बाद क्षेत्र के अन्य डिपो पर भी औचक निरीक्षण किया। उन्होंने डिपो धारकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वह आटा, चावल सहित अन्य खाद्य वस्तुओं को बिक्री के लिए पूरी तरह ढक कर रखें तथा उपभोक्ताओं के साथ अच्छा व्यवहार करें। उन्होंने उपभोक्ताओं से भी आग्रह किया है कि वह राशन डिपो पर डिजिटल पेमेंट का अधिक से अधिक प्रयोग करें। इस संबंध में अरविंद शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने पर उड़द और चने की दालों सहित आटे के भी सैंपल भरे गए हैं तथा सैंपल की रिपोर्ट आने तक इन दालों की खेप की बिक्री बंद कर दी गई है। उन्होंने कहा कि यदि दाल खराब पाई गई तो आपूर्ति करने वालों के विरुद्ध विभाग की ओर से कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।