बिझड़ी(हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर में धोखाधड़ी एवं ठगी का मामला दर्ज किया गया है। नौकरी का झांसा और फेसबुक पर बड़े-बड़े लुभावने प्रलोभन देकर कुछ शातिर लोग भोले-भाले लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं और जब हकीकत सामने आ रही है तब तक शातिर अपने ग्राहकों को खाली कर चुके होते हैं।
ऐसा ही एक मामला विकास खंड बिझड़ी के विहड़ू गांव से सामने आया है। जहां निखिल चौहान ने थाना बड़सर में ठगी का मामला दर्ज करवाया है। उन्होंने शिकायत की है कि शांति देवी, पत्नी हरि सिंह, निवासी प्रेम नर्सरी, सैनिक रेस्ट हाउस, नजदीक बस स्टैंड, जिंद, हरियाणा, नीलम सैनी, पुत्री हरि सिंह एवं गौरव सिंह, पुत्र हरि सिंह ने इससे पटना हाई कोर्ट में क्लर्क की नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी करके 5,50,000 रुपये ऐंठ लिए और अब नौकरी दिलाने में और रुपये वापस करने में आनाकानी कर रहे हैं। पीड़ित के पिता संजय कुमार ने कहा कि उनकी हरियाणा के इन शातिरों की किसी रिश्तेदार के माध्यम से मुलाकात हुई थी और 40 हजार रुपये उनके खाते में तथा बाकी राशि कैश दी गई थी। वहीं इस बारे में बड़सर थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने कहा कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन की जा रही है।