बड़सर उपमंडल में इस बार लंबा रहा फायर सीजन
अकेले बड़सर में आग की हुर्ई अधिक घटनाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी(हमीरपुर)। बरसात का सीजन शुरू होते ही फायर चौकी बिझड़ी ने राहत की सांस ली है। इस बार बड़सर उपमंडल में फायर सीजन काफी लंबा रहा। अप्रैल से जुलाई माह तक बड़सर उपमंडल में जंगलों की आग के साथ अन्य अग्निकांड की 400 घटनाएं दर्ज हुई हैं। 25 वन बीटों में 150 जंगलों में आग की घटनाएं, जबकि 250 मामले रिहायशी क्षेत्रों में पशुशालाओं, घरों में आग लगने की हैं। जंगलों में आग से वन विभाग को करोड़ों रुपये, वहीं 250 मामलों में लोगों को 13.44 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उपमंडल बड़सर में एक अप्रैल से 30 अप्रैल तक आग की चार घटनाएं हुईं। इनमें 38 हजार रुपये का नुकसान और एक करोड़ 10 लाख रुपये की संपदा का बचाव किया गया। एक मई से लेकर 31 मई 2024 तक आग की 77 घटनाएं हुईं। इनमें 10 लाख की संपदा जलकर राख हुई। वहीं, 21 करोड़ 96 लाख की संपत्ति जलने से बचाई गई। एक जून से 30 जून तक बड़सर उपमंडल में आग की 36 घटनाएं हुईं। इनमें 3 लाख 6 हजार धन हानि हुई। वहीं, 45 करोड़ की संपत्ति जलने से बचाया गया। उपमंडल के जंगलों में आग के साथ रिहायशी क्षेत्रों में बचाव के लिए दमकल विभाग के कर्मचारियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। कुछेक स्थानों पर उचित सुविधा न होने पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी नहीं पहुंच पाई। अब बरसात शुरू होने पर कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है। इस बारे में अग्निशमन चौकी बिझड़ी के प्रभारी रतन चंद शर्मा ने कहा कि इस बार फायर सीजन काफी लंबा रहा। करोड़ों की संपत्ति जलने से बचाई गई। फायर चौकी के कर्मचारी दिन रात अपनी ड्यूटी पर तैनात रहे।