भोरंज (हमीरपुर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बधानी में मंगलवार को दोपहर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज बारिश शुरू हुई और आधी छुट्टी के समय सभी अभिभावक स्कूल पहुंच गए। यहां पहुंचे अभिभावक खड्ड में बाढ़ आने के डर से अपने बच्चों को स्कूल में बीच क्लास से घर ले गए। यहां चैंथ खड्ड पर पुल नहीं है। स्कूल पहुंचने के लिए आधा दर्जन गांवों निहार, धिरड़, बडोह, डाडु, बजडोह आदि गांव के विद्यार्थियों को चैंथ खड्ड को तेज बहाव के बीच पार कर स्कूल पहुंचना पड़ता है।
मंगलवार सुबह खड्ड में पानी का बहाव कम था और छात्र जैसे-तैसे खड्ड को पर कर शिक्षा ग्रहण करने स्कूल पहुंच गए। मगर दोपहर को तेज बारिश शुरू होते ही अभिभावक भागे-भागे स्कूल पहुंचे और स्कूल प्रशासन से ये कह गए कि अगर कल भी बारिश हुई तो बच्चों को स्कूल नहीं भेजेंगे। इसके बाद अभिभावक बच्चों को स्कूल से घर ले गए।
बधानी स्कूल में छठी से लेकर जमा दो तक करीब 186 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। बरसात में स्कूल में छात्रों की अनुपस्थिति अधिक रहती है। मंगलवार को स्कूल में 12 छात्र अनुपस्थित थे, लेकिन आधी छुट्टी में 174 में से 114 छात्रों को अभिभावक चैंथ खड्ड पार करवाकर घर ले गए। स्कूल में साथ लगते गांवों के सिर्फ 60 छात्र ही स्कूल में रह गए।
उधर, भोरंज के विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि मामला मेरे ध्यान में है और चैंथ खड्ड पर पुल जरूर और जल्द बनेगा।
चुनाव में घोषणा पर नहीं बना चैंथ खड्ड पर पुल
चुना ग्रामीणों अश्वनी शर्मा, सदस्य विनोद कुमार, रीता देवी, रीना देवी, सीमा देवी, सरीता देवी, बविता, सीमा व गुरबख्श, रवि कुमार, सुनीता देवी, रोशन लाल आदि ने कहा कि चुनावों से ठीक पहले नेताओं द्वारा चैंथ खड्ड पर पुल बनाने की घोषणाएं और आश्वासन यहां की जनता को मिला था। मगर आज तक इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाए गए। इसका खमियाजा स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे बच्चे और अभिभावक भुगत रहे हैं।
चैंथ खड्ड में आई बाढ़ से स्कूल को काफी नुकसान हुआ है। चैंथ खड्ड पर पुल न होने से बच्चे स्कूल नहीं आ रहे हैं। मंगलवार को अचानक बारिश तेज शुरू हुई और अभिभावक स्कूल पहुंच गए और बच्चों को साथ ले गए। स्कूल में 186 में से 174 बच्चे उपस्थित थे, लेकिन आधी छुट्टी में खड्ड के किनारे वाले गावों के 114 बच्चे अभिभावकों के साथ घर भेज दिए और स्कूल में 60 बच्चे ही सारा दिन पढ़ाई कर पाए।
-अनिल डोगरा, प्रधानाचार्य, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बधानी