फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hamirpur (Himachal) News: 15 दिसंबर तक गेहूं की फसल का बीमा करवा सकते हैं किसान

विज्ञापन
विज्ञापन
हमीरपुर। प्राकृतिक आपदा सूखा, बाढ़, जलभराव और ओलावृष्टि इत्यादि से फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई के लिए आरंभ की गई प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ रबी सीजन 2023-24 के दौरान भी उठाया जा सकता है। इसी योजना के तहत वर्तमान रबी सीजन में गेहूं की फसल के लिए जिला हमीरपुर की सभी तहसीलें और उपतहसीलें अधिसूचित की गई हैं। जिले के किसान 15 दिसंबर तक अपनी फसल का बीमा करवा सकते हैं। जिला हमीरपुर में इस योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. पवन शर्मा, उपनिदेशक डॉ. सुरेश धीमान और जिला भू-संरक्षण अधिकारी डॉ. अशोक कुमार ने विभाग के एक प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले की हर पंचायत में जाकर किसानों को रबी सीजन की फसलों का बीमा करवाने के लिए जागरूक करेगा। उपनिदेशक सुरेश धीमान ने कहा कि जिले में गेहूं की फसल के बीमे के संबंध में सरकार की ओर से जारी अधिसूचना विभाग की वेबसाइट एचपीएग्रीकल्चर डॉट कॉम पर भी उपलब्ध है। उपनिदेशक ने कहा कि योजना का मुख्य उद्देश्य प्रभावित किसानों को वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाना तथा उनकी आय को सुनिश्चित करना है ताकि वे अपने कृषि कार्य को सुचारू ढंग से जारी रख सकें। सरकार की ओर से अधिसूचित तहसीलों और उपतहसीलों में गेहूं की फसल उगाने वाले काश्तकार और बटाईदार सहित सभी किसान अपनी फसल का बीमा करवा सकते हैं। योजना के अंतर्गत सभी ऋणी किसानों को वित्तीय संस्थाओं द्वारा स्वत: ही बीमित किया जाएगा। यदि कोई ऋणी किसान योजना का लाभ नहीं उठाना चाहता है तो वह इस बारे में अपना घोषणा पत्र संबंधित बैंक शाखा में जमा करवा सकता है। अऋणी पात्र किसान अपना फोटो पहचान पत्र, आधार कार्ड और अपनी भूमि के कागजात सहित बीमा कंपनी के कार्यालय या नजदीकी लोक मित्र केंद्र, बैंक अथवा ऑनलाइन माध्यम से अपनी फसलों का बीमा करवा सकते हैं। किसी भी प्रकार के परामर्श के लिए किसान कृषि विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। गेहूं की फसल के बीमे के लिए किसानों को प्रति हेक्टेयर 900 रुपये यानी 36 रुपये प्रति कनाल प्रीमियम देना होगा। इसकी बीमित राशि 60,000 रुपये प्रति हेक्टेयर होगी। अधिक जानकारी के लिए बीमा कंपनी के जिला पर्यवेक्षक संदीप कुमार और राज्य पर्यवेक्षक अरुण कुमार से संपर्क किया जा सकता है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें