सुजानपुर/हमीरपुर। जिले में आई फ्लू का रोग लगातार बढ़ता जा रहा है। तीन दिन में 237 लोगों को आई फ्लू हुआ है। उपमंडल सुजानपुर में भी आई फ्लू बीमारी लगातार पैर पसार रही है। प्रतिदिन 15 से 20 लोग इसकी चपेट में आ रहे हैं और इसका इलाज करवाने के लिए सिविल अस्पताल सुजानपुर में पहुंच रहे हैं। गत वर्ष भी बरसात के मौसम के दौरान और समाप्ति के बाद आई फ्लू से लोग परेशान हुए थे। इस वर्ष भी यह बीमारी लोगों को सता रही है। आई फ्लू होने का मुख्य कारण बरसात का मौसम और आसपास साफ-सफाई न होना है। गंदे हाथों से आंखों को छूना व मसलना मुख्य कारण है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने भी एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि अगर तीन-चार दिन के भीतर यह फ्लू ठीक नहीं हो रहा तो स्वास्थ्य केंद्रों में निशुल्क इलाज करवाएं। इस फ्लू से पीड़ित कोई भी व्यक्ति महिला या पुरुष निकटवर्ती स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचकर निशुल्क दवाई व परामर्श प्राप्त कर सकता है। उपमंडल सुजानपुर में प्रतिदिन 15 से 20 लोग इस फ्लू का इलाज करवाने के लिए पहुंच रहे हैं, जिन्हें उचित परामर्श देने के साथ-साथ निशुल्क दवाइयां भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं। खंड स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर राजकुमार ने कहा कि यह फ्लू बरसात के मौसम और इस मौसम की समाप्ति के बाद अक्सर लोगों को परेशान करता है। वर्तमान में इसके रोगी स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए स्वास्थ्य केंद्र में पहुंच रहे हैं। उन्हें निशुल्क दवाइयां इलाज और उपचार उपलब्ध करवाया जा रहा है। फ्लू से पीड़ित व्यक्ति अगर घर पर आराम करता है, प्रतिदिन आंखों को दिन में शीतल जल से हर दो घंटे के बाद साफ करता है तो ये फ्लू तीन से चार दिन के भीतर ठीक हो जाता है। यही इसका बेहतर इलाज और उपचार है। फिर भी अगर किसी का फ्लू ठीक नहीं होता तो वह इलाज के लिए सिविल अस्पताल सुजानपुर पहुंच सकता है। वहीं, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके अग्निहोत्री ने कहा कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों को आई फ्लू से निपटने से संबंधी आदेश दे दिए गए हैं। स्कूलों में भी बच्चों की सुरक्षा के लिए आदेश दिए गए हैं।