30 के बजाए 100 छात्र बैठाने की पुस्तकालय में होनी है व्यवस्था
वर्तमान में मेंबरशिप 96 और बैठने की क्षमता महज 30 पाठकों की
आधे छात्रों को जाना पड़ रहा वापस
पुस्तकालय खुलने से पहले बैग रखकर लगाना पड़ रहा नंबर
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज में पुस्तकालय के विस्तारीकरण का कार्य कछुआ चाल से हो रहा है। इस पुस्तकालय में 30 सीटों के प्रावधान के साथ उद्घाटन किया गया था लेकिन मेंबरशिप ज्यादा होने के चलते इस पुस्तकालय के विस्तार के लिए 100 सीटों के लिए 20 लाख रुपये के बजट से टेंडर प्रक्रिया पूरी कर दिसंबर 2023 में काम भी शुरू हो गया। लेकिन, सात माह बीत जाने के बावजूद काम आधा अधूरा पड़ा है। इस पुस्तकालय में 96 पाठकों की मेंबरशिप है और सुबह पुस्तकालय खुलने से पहले पाठकों को नंबर लगाने पड़ते है। बैठने की क्षमता महज 30 की है और कुछ को वापस घर जाना पड़ता है। पाठकों दिग्विजय, नरेश, नीलम आदि ने कहा कि इसके विस्तारीकरण का कार्य काफी समय से धीमी गति से चल रहा है। इस बारे में लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विजय कुमार ने कहा कि ठेकेदार को जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के आदेश दिए गए हैं। इस बारे में पुस्तकालय इंचार्ज सुधा कुमारी और कुलवीर सिंह ने कहा कि मेंबरशिप 96 पाठकों की है और क्षमता 30 की है। कार्य जल्द पूरा हो जाए तो पुस्तकालय सुचारू रूप से चल पड़ेगा।