हमीरपुर। सुजानपुर के एक पूर्व सैनिक ने अपने बेटे, बहू और पोते की घर वापसी की गुहार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लगाई है। पूर्व सैनिक प्रेमचंद ने बताया कि उसका बेटा नरेंद्र कुमार और बहू अनीता देवी पिछले सात-आठ सालों से साउथ अफ्रीका में मोहम्मद इंटरप्राइजेज तंजानिया लिमिटेड एमईटीएल गोल्डन जुबली टावर ओहिया स्ट्रीट दार एस सलाम तंजानिया में काम करते हैं। बेटे और बहू के साथ उनका पोता साहिल नरेंद्र भी है। उनके बेटे को ईस्ट कोस्ट ऑइल्स एंड फैट्स लिमिटेड ऑयल रिफायनरी, जबकि बहू और पोते को 21 सेंचुरी टेक्सटाइल लिमिटेड मोरोगोरो में बंधक बना रखा है। बहू और पोते को बेटे से करीब 200 किलोमीटर दूर रखा गया है। पिता प्रेमचंद ने बताया कि वह एक पूर्व सैनिक है तथा उनकी उम्र 80 साल है, जबकि पत्नी की उम्र 75 साल है। वह और पत्नी दोनों घर पर अकेले हैं तथा दोनों बीमार रहते हैं। बुढ़ापे का एकमात्र सहारा बेटा नरेंद्र कुमार है। इसलिए उनके बेटे-बहू और पोते को सकुशल घर वापस पहुंचाया जाए। पिता ने बताया कि अगर उनके बेटा-बहू और पोते को कोई नुकसान पहुंचता है तो इसके जिम्मेदार संबंधित कंपनी और साउथ अफ्रीका की सरकार होगी।