हमीरपुर। गांधी चौक हमीरपुर पर एनएसयूआई ने जिलाध्यक्ष टोनी ठाकुर की अध्यक्षता में धरना प्रदर्शन किया। इस मौके पर यूजीसी की गाइडलाइन जलाकर विरोध जताया गया और गाइडलाइन को वापस लेने की प्रदेश सरकार से मांग उठाई गई। प्रदर्शन में एनएसयूआई प्रदेश अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर बतौर मुख्यातिथि मौजूद रहे। छतर सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार को यूजीसी गाइडलाइन वापस लेनी होंगी। उन्होंने कहा कि कोरोना के इस संकटकाल में प्रदेश सरकार छात्र हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है। एनएसयूआई लंबे समय से छात्रों को प्रमोट करने तथा अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों को 10 फीसदी अतिरिक्त अंक देने की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि अन्य कई राज्यों में एनएसयूआई की मांग को सरकारों ने मान लिया है, लेकिन हिमाचल प्रदेश में मांग को नहीं माना जा रहा है। इसी कड़ी के तहत हमीरपुर के गांधी चौक पर बुधवार को यूजीसी की गाइडलाइन को जलाकर विरोध जताया गया है। टोनी ठाकुर ने कहा कि सरकार को छात्रों की सेहत की परवाह नहीं है। कोरोना के संकट काल में जीवन बचाना सबसे बड़ी चुनौती है। ऐसे में सरकार को छात्र हितों को ध्यान रखना चाहिए और अंतिम वर्ष के छात्रों को प्रमोट करना चाहिए।