हमीरपुर। नगर परिषद हमीरपुर यहां शहर में अतिक्रमण के खिलाफ अब बड़ी कार्रवाई शुरू करने जा रही है। 3 मार्च को गठित अतिक्रमण हटाओ कमेटी की बैठक मंगलवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता ईओ अक्षित गुप्ता और अध्यक्ष मनोज मिन्हास ने की।
इस बैठक में निर्णय लिया गया कि शहर में जो भी रेहड़ी फड़ी वाले पंजीकृत नहीं हैं, उन्हें 7 अप्रैल से पहले चिहिन्त कर इनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद ने शहर में अतिक्रमण हटाने को लेकर नगर परिषद उपाध्यक्ष संदीप भारद्वाज, वार्ड सदस्य विनय कुमार, डॉ. सुशील कुमार, राजकुमार, सुदेश आनंद और पार्षद पुष्पा शर्मा समेत छह सदस्यीय कमेटी का गठन किया है।
शहर में अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। भोटा चौक से लेकर गांधी चौक तक अतिक्रमण के कारण सड़क सिकुड़ चुकी है। जिसके चलते बुजुर्गों और बच्चों को पैदल चलने में परेशानी होती है। खासकर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कन्या और बाल दोनों के ईद-गिर्द बड़े स्तर पर अतिक्रमण हुआ है। कई दुकानदारों ने अपनी दुकान के आगे सब्जी विक्रेताओं को बैठाया हुआ है, जिनसे प्रतिदिन के हिसाब से यह दुकानदार वसूली कर रहे हैं लेकिन नगर परिषद में इनका पंजीकरण न होने से जहां नगर परिषद को राजस्व के रूप में चूना लग रहा है। वहीं, सब्जी और अन्य खाद्य सामग्री विक्रेता खराब माल को सड़कों पर फेंककर गंदगी फैला रहे हैं। पूरे शहर में जगह-जगह रेहड़ियां सजाई जा रही हैं। वहीं, बड़े कारोबारी भी सड़कों पर अपने स्टॉल आदि लगाकर अतिक्रमण् कर रहे हैं।
15 से 20 दिनों से पहले उन रेहड़ियों को चिह्नित कर लिया जाएगा जो पंजीकृत नहीं है और अमान्य तरीके से लगाई गई हैं। इसके बाद उन पर कार्रवाई की जाएगी।
अक्षित गुप्ता, ईओ, नगर परिषद हमीरपुर