निशानदेही के बाद डाक विभाग की भूमि पाई गई कम
संवाद न्यूज एजेंसी
टौणीदेवी (हमीरपुर)। कस्बा टौणी देवी में डाक विभाग के नाम हुई तीन कनाल जमीन पर निर्माण गतिविधियों और अतिक्रमण पर विवाद हो गया है। निशानदेही के बावजूद तीन कनाल जमीन पूरी नहीं हो पाई है। कुछ लोगों और एनएच निर्माण कंपनी पर सरकारी जमीन पर अतिक्रमण के आरोप लगे हैं। राजस्व विभाग ने निशानदेही के बाद लोहे की बुर्जियां भी लगा दी हैं। आरोप है कि एनएच निर्माण कंपनी ने भी सड़क की खोदाई के दौरान डाक विभाग की जमीन का कटान कर दिया था। आपत्ति के बाद वहां काम रोक दिया गया। टौणी देवी डाकघर कई दशकों से किराये के भवन में चला हुआ है। इसके भवन के लिए जमीन तलाश करने का कार्य स्थानीय लोगों ने किया तथा उस समय की विधायक अनीता वर्मा ने टौणी देवी डाक विभाग के नाम भवन निर्माण के लिए तीन कनाल जमीन अलॉट कर दी। इस बारे में टौणी देवी व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरदीप राणा ने कहा कि डाकघर का अपना भवन अस्पताल चौक के पास बनने से स्थानीय दुकानदारों को भी फायदा होगा। उन्होंने मांग की है कि डाक विभाग की जमीन से कब्जे हटाकर भवन निर्माण शीघ्र किया जाए। स्थानीय दुकानदारों विपिन शर्मा, राजीव राणा, अजीत सिंह, मिलाप चंद, देश राज, जगदेव चंद ने भी डाकघर के भवन का शीघ्र निर्माण शुरू करने की मांग की है ताकि लोगों को इसका लाभ मिल सके। उधर, टौणी देवी डाकघर के उप डाकपाल सुनील जम्वाल ने कहा कि डाक विभाग की जमीन पर कब्जे होने की सूचना मिलने पर राजस्व विभाग से निशानदेही करवाई तो तीन कनाल जमीन पूरी नहीं हो पाई। इस बारे में विभाग के उच्चाधिकारियों को सूचित कर दिया गया है। विभाग की जमीन पर लोहे के एंगल लगा दिए गए हैं। इस बारे में एनएचआई के साइट इंजीनियर सुशील ने कहा कि यहां पर विभाग ने कोई खोदाई नहीं करवाई है