सुजानपुर (हमीरपुर)। स्थानीय बाजार में वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए लगाई गई चेन से अतिक्रमण भारी पड़ने लगा है। लोगों को बाजार में चलने में दिक्कत न हो, इसके लिए यह चेन लगाई गई, लेकिन बाजार में एक ही दिन में अतिक्रमण बढ़ गया है। इसके अलावा बाजार में दोपहिया वाहन भी बेतरतीब तरीके से पार्क हो रहे हैं। नगर परिषद सुजानपुर के कनिष्ठ अभियंता सूर्य अटवाल ने कहा कि शीघ्र ही मुख्य बाजार का औचक निरीक्षण किया जाएगा, यदि किसी सड़कों पर सामान सजाया हुआ मिलेगा, तो नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समस्त दुकानदारों से आग्रह किया कि अपना समान दुकान के अंदर ही रखें, ताकि सड़क में गुजरने वाले राहगीरों और गाड़ियों को दिक्कत का सामना न करना पड़े।