लोगों को रात गर्मी में गुजारनी पड़ी, हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। विकास खंड बिझड़ी के सब स्टेशन से मात्र तीन किलोमीटर की दूरी पर स्थित बुन्हानी गांव में बिजली आपूर्ति को बहाल करने में बोर्ड ने 14 घंटे लगा दिए। बिजली बहाल न होने से लोगों को रात गर्मी में गुजारनी पड़ी। लोगों राजीव, रमेश, प्यारेलाल, रत्नचंद ने कहा कि वीरवार शाम को 4 बजकर 30 मिनट के करीब बिजली बाधित हो गई। इसे बिजली बोर्ड ने शुक्रवार को 11 बजे बहाल किया। बिजली जाने पर बोर्ड को सूचित भी किया गया लेकिन बिजली आपूर्ति अगले दिन ही बहाल हो पाई। लोगों ने सरकार और विद्युत बोर्ड से आग्रह किया है कि जिस तरह अन्य कई विभागों में आपातकाल में 24 घंटे सेवाएं उपलब्ध रहती हैं, उसी तरह विद्युत बोर्ड में प्रावधान किया जाए। कोटला में 132 केवी ट्रांसमिशन यार्ड स्थापित होने के बाद इलाकावासियों ने राहत की सांस ली थी कि बार-बार विद्युत कटों से राहत मिलेगी। लेकिन विभाग की लाचारी के चलते अभी भी लोगों को घंटों विद्युत आपूर्ति से महरूम रहना पड़ रहा है। बिजली सब स्टेशन कोटला के सहायक अभियंता रमेश कुमार ने कहा कि अधिकतर कर्मचारी पांच बजे के बाद छुट्टी कर घर चले जाते हैं। एबीसी चौक के पास बिजली लाइन में तकनीकी खराबी के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी। इसे शुक्रवार को 11 बजे बहाल कर दिया गया।