बड़सर में आयोजित बिजली बोर्ड पेंशनर वेल्फेयर एसोसिएशन की बैठक में उपस्थित पेंशनर
बड़सर (हमीरपुर)। बिजली बोर्ड वेलफेयर एसोसिएशन हमीरपुर इकाई की जिलास्तरीय बैठक प्रधान केके कपिल की अध्यक्षता में बड़सर में हुई। इसमें प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशनरों को जनवरी 2016 से देय संशोधित वेतनमानों का बकाया और डीए न दिए जाने पर रोष व्यक्त किया गया।
एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष डीएस ढटवालिया, जिला प्रधान केके कपिल और महासचिव लाल चंद परमार ने कहा कि सरकार से दोबारा आग्रह किया कि प्रदेश के लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को देय संशोधित वेतनमान का बकाया उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार ब्याज सहित अदा करने के आदेश जल्द से जल्द जारी किए जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के प्रति अपना दायित्व निभाने में पूरी तरह विफल हो गई है। बिजली बोर्ड कुप्रबंधन का शिकार हो चुका है। कर्मचारियों को समय पर वेतन देने के भी लाले पड़ गए हैं। मेडिकल बिलों का भुगतान भी समय पर नहीं हो रहा है। महंगाई भत्ते की 3 किस्तें पहले ही देय हैं और अब जनवरी 2024 से चौथी किस्त भी देय हो गई है। सरकार निष्ठुर तथा असंवेदनशील बनकर व्यवस्था परिवर्तन का परिचय दे रही है। उन्होंने मांग की है कि प्रदेश सरकार मुफ्त बिजली की एवज में बिजली बोर्ड को देय धनराशि का भुगतान समय पर करना सुनिश्चित करे।