निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज हमीरपुर स्थित जोलसप्पड़ में 33 केवी बिजली सब स्टेशन मे
ट्रायल सफल, अगले सप्ताह से नियमित तौर पर होगी बिजली आपूर्ति
बिजली बोर्ड ने 33 केवी सब स्टेशन में सप्लाई पहुंचा किया सफल ट्रायल
अस्पताल में 24 घंटे बिजली सप्लाई रह सकेगी बहाल
संवाद न्यूज एजेंसी
रंगस (हमीरपुर)। निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन मेडिकल कॉलेज के निजी बिजली सबस्टेशन में शनिवार से करंट का ट्रायल के तौर पर संचालन हो गया है। ट्रायल सफल होते ही अगले सप्ताह से नियमित तौर पर कॉलेज के लिए बिजली आपूर्ति का विधिवत रूप से संचालन हो जाएगा। बोर्ड के अधिकारियों और फील्ड स्टाफ ने शनिवार के दिन नई बिजली लाइन की टेस्टिंग करके बिजली सप्लाई का संचालन किया है। करीब दो वर्ष पूर्व मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने बिजली बोर्ड के पास 3.50 करोड़ रुपये धनराशि जमा करवा रखी थी। 33 केवी की नई बिजली लाइन को स्थापित करने में कुल 28 नए बिजली के खंभे लगाए गए। वहीं, हमीरपुर से रंगस और रंगस से नादौन तक 33 केवी बिजली लाइन के कंडक्टर यानी बिजली के नए तार डालकर लाइन को अपग्रेड किया गया। मेडिकल कॉलेज के लिए सीमा के अंदर ही निजी बिजली सबस्टेशन बनाने में केंद्रीय बिजली बोर्ड ने सहायता की है, ताकि मेडिकल कॉलेज के लिए भविष्य में दोनों ओर से बिजली सप्लाई 24 घंटे बहाल रह सके। हमीरपुर से रंगस की बिजली लाइन में यदि किसी कारण कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति संभव नहीं हो पाएगी तब ऐसी स्थिति में नादौन से रंगस बिजली लाइन से मेडिकल कॉलेज में बिजली आपूर्ति हो सके। बिजली उपमंडल रंगस के सहायक अभियंता संदीप कुमार ने कहा कि बोर्ड की ओर से मेडिकल कॉलेज में व्यवस्थित निजी 33 केवी बिजली सबस्टेशन में सप्लाई के लिए शनिवार को कनेक्शन देकर अधिकारियों की ओर से बिजली मीटर को सील लगाकर बाकायदा ट्रायल के तौर पर बिजली आपूर्ति का संचालन कर दिया है। अगले सप्ताह से नियमित तौर पर मेडिकल कॉलेज के अपने बिजली सब स्टेशन में बिजली आपूर्ति का संचालन विधिवत रूप से कर दिया जाएगा। ट्रांसफार्मर स्थापित करने के लिए भूमि दानकर्ता ज्ञान चंद, उपमंडल मुख्यालय के कनिष्ठ अभियंता सुरेश जसवाल, सनी धीमान, प्रभात धीमान, अतुल शर्मा, साहिल व रामपाल के अलावा अन्य फील्ड कर्मचारियों व उप प्रधान संतोष कुमार सहित स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे।