हमीरपुर। मेडिकल काॅलेज हमीरपुर के समीप एक लावारिस कुत्ते ने छह लोगों को काट लिया। इन्हें उपचार के लिए मेडिकल काॅलेज के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती करवाया गया। सभी घायलों को एंटी रैबीज इंजेक्शन लगाने के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। इनमें से दो मेडिकल काॅलेज के अटेंडेंट बताए जा रहे हैं। इस वारदात के बाद अस्पताल के आसपास डर का माहौल है। हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में रोजाना सैकड़ों लोग उपचार के लिए आते हैं।
बीते वर्ष भी हमीरपुर नगर परिषद क्षेत्र में एक प्रवासी बच्चे को कुत्तों ने नोच-नोच कर मार डाला था। इसके बाद जिला प्रशासन ने उच्चस्तरीय बैठक बुलाकर नगर परिषद और पशुपालन विभाग को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए थे लेकिन वर्तमान में फिर से हालात बदतर होते जा रहे हैं। हमीरपुर शहर में लावारिस कुत्तों की भरमार है। लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। खासकर छोटे बच्चों को खासी परेशानी पेश आ रही है। लोगों ने जिला प्रशासन से इस मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है ताकि स्कूली बच्चे भयमुक्त होकर स्कूल जा सकें। वहीं, हमीरपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल प्रशासन मंगलवार को सामने आए कुत्तों के हमले की सूचना से बेखबर है। उधर, नगर परिषद हमीरपुर के अध्यक्ष मनोज मिन्हास और उपाध्यक्ष संदीप भारद्वाज ने कहा कि मंगलवार को शहर में अस्पताल के समीप लावारिस कुत्ते ने आधा दर्जन लोगों को काटा है। इधर, मेडिकल कॉलेज के एमएएस डॉ. अनिल वर्मा ने कहा कि उन्हें कुत्तों के काटने की कोई सूचना नहीं मिली है।