हमीरपुर। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में शुक्रवार को रोड सेफ्टी क्लब की ओर से जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में डीएसपी हमीरपुर रोहिन डोगरा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित हुए। उन्होंने कहा कि नशा बहुत हद तक वाहन दुर्घटनाओं के लिए जिम्मेदार है। वर्तमान में अधिकतर युवा पीढ़ी एक दूसरे की देखा-देखी नशे के जाल में फंसती जा रही है। इसके लिए समाज का जागरूक होना आवश्यक है।
वहीं, अधिकांश समय दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट पहने वाहन चलाते हैं। जिससे वह दुर्घटनाओं का शिकार हो जाते हैं। इसलिए हमेशा सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए वाहन चलाएं। इस दौरान कॉलेज प्राचार्य डॉ. प्रमोद सिंह पटियाल ने कहा कि रोड सेफ्टी क्लब के छात्रों और समाज को यातायात नियमों के बारे में जागरूक करने का एक सार्थक मंच है।
उन्होंने कहा कि क्लब के माध्यम से छात्रों और समाज को वाहन दुर्घटनाओं के बचने और दुर्घटना होने पर किए जाने वाले प्राथमिक प्रावधानों से अवगत करवाया जाता है। इस मौके पर महाविद्यालय स्टाफ ने मुख्यातिथि को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर रोड सेफ्टी क्लब द्वारा करवाई गए विभिन्न आयोजनों के विजेताओं का पुरस्कृत किया गया। शिविर मे कॉलेज उपप्राचार्य डॉ. चंदन भारद्वाज, डॉ. रत्न चंद शर्मा, डॉ. उत्तम शर्मा, प्रो. नीरज शर्मा, प्रो. नरेश कुमार, प्रो. पवन कुमार और क्लब के संयोजक प्रो. सौरभ सूद सहित विद्यार्थी मौजूद रहे।