नेरी महाविद्यालय के डीन डॉ.धर्म पाल शर्मा। संवाद
रंगस (हमीरपुर)। उद्यानिकी एवं वानिकी महाविद्यालय नेरी में बुधवार को डॉ. धर्मपाल शर्मा ने बतौर नए डीन कार्यभार संभाला। डॉ. शर्मा मूलत: सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र के गांव पंजोड़ के रहने वाले हैं। उन्होंने वर्ष 1995 में बागवानी अनुसंधान केंद्र ताबो लाहौल स्पीति में बतौर सहायक वैज्ञानिक के रूप में सेवाएं शुरू की थीं। इसके बाद स्पीति घाटी में उत्कृष्ट कार्य के लिए विश्वविद्यालय के प्रबंधन बोर्ड में वर्ष 2002 में डॉ. शर्मा को सहायक वैज्ञानिक का पद मिला। अगस्त 2019 में शर्मा ने कृषि विज्ञान केंद्र कंडाघाट के प्रधान वैज्ञानिक एवं विभाग अध्यक्ष का कार्यभार ग्रहण किया। वर्ष 2020 में उत्कृष्ट कार्य करने के लिए विज्ञान केंद्र सोलन कंडाघाट को हिमाचल प्रदेश में प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया। वहीं, मार्च 2024 से डॉ. शर्मा फल विज्ञान विभाग के प्राध्यापक एवं विभाग अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। जिसके उपरांत अब उन्होंने नेरी महाविद्यालय में कार्यभार संभाला है।