हमीरपुर। छह माह बाद आपदा में क्षतिग्रस्त जिले के 114 स्कूलों में मरम्मत कार्य शीघ्र शुरू होगा। उच्चतर शिक्षा विभाग ने जिले के आपदा प्रभावित स्कूलों का डाटा तैयार कर नुकसान का प्राक्कलन बनाने के निर्देश जारी किए हैं ताकि स्कूलों में मरम्मत कार्य को शुरू किया जा सके। छह माह पूर्व शिक्षा विभाग हमीरपुर के 114 स्कूलों को आपदा में गहरा आघात लगा है। आपदा प्रभावित इन स्कूलों को 3.67 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। प्रभावित स्कूलों में सुरक्षा दीवार, खेल मैदान, रसोईघर, शौचालयों सहित कक्षा कक्षा क्षतिग्रस्त हुए हैं। स्कूलों में भवन असुरक्षित होने से विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए स्कूल प्रमुख इन्हें सुरक्षित स्थानों पर पढ़ा रहे हैं ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक न रहे।
वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में सबसे अधिक नुकसान राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला पौंहज में हुआ है। स्कूल में शौचालय, रसोईघर सहित खेल मैदान के साथ लगता डंगा ढह गया है। स्कूल को 50 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। स्कूल प्रमुख की ओर से विद्यार्थियों को प्राथमिक स्कूल में शिफ्ट किया गया है। वहीं, प्राथमिक स्कूलों में सबसे अधिक नुकसान राजकीय प्राथमिक पाठशाला भखेड़ा में हुआ है। स्कूल में बारिश के कारण बरामदे के स्तंभ, खेल मैदान में दरारें और शौचालय गिर गए हैं। इससे स्कूल में पांच लाख का नुकसान हुआ है। अन्य स्कूलों में संपर्क रास्ते, स्कूल परिसर के साथ भूस्खलन सहित भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं। अब निदेशालय से आदेशों के बाद शिक्षा विभाग ने बारिश से प्रभावित स्कूलों की रिपोर्ट बनाकर बजट मंजूरी के लिए शिक्षा निदेशालय भेज दी है। बजट जारी होने के बाद स्कूलों में मरम्मत कार्य करवाया जाएगा।
कोट्स
भारी बारिश के कारण जिले के 67 उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक प्रभावित हुए हैं। स्कूलों को 3.67 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। स्कूलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा के चलते उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पढ़ाया जा रहा है। स्कूलों का डाटा शिक्षा निदेशालय भेज दिया गया है। बजट मिलते ही यहां पर स्कूलों में निर्माण और मरम्मत कार्य करवाएं जाएंगे।
अनिल कुमार कौशल, उपनिदेशक, उच्चतर शिक्षा विभाग, हमीरपुर।
जिले के 47 प्राथमिक और वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों को बारिश से नुकसान पहुंचा हैं। स्कूलों की सुरक्षा दीवार से लेकर कक्षाकक्ष क्षतिग्रस्त हुए हैं। नुकसान की रिपोर्ट शिक्षा निदेशालय भेज दी गई है। बजट मिलते ही स्कूल भवनों को पहुंचे नुकसान की मरम्मत की जाएगी।
-अशोक कुमार, उपनिदेशक, प्रारंभिक शिक्षा विभाग, हमीरपुर।