हमीरपुर। जिलास्तरीय इंस्पायर अवार्ड मानक प्रदर्शनी और प्रतियोगिता का आयोजन छह और सात दिसंबर को जिला ऊना के रुद्रा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल बसाल में होगा। दो दिवसीय प्रतियोगिता में तीन जिलों हमीरपुर, ऊना व बिलासपुर के निजी व सरकारी स्कूलों के 231 बच्चे भाग लेंगे। जिलास्तर पर बेहतरीन प्रदर्शनी करने वाले विद्यार्थियों का चयन राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए सभी प्रतिभागी विद्यार्थी पांच दिसंबर की शाम को प्रदर्शनी स्थल वसाल में पहुंच जाएंगे। दो दिवसीय प्रतियोगिता के लिए जिला हमीरपुर के 72 ,ऊना के 80 और बिलासपुर के 79 विद्यार्थी चयनित हुए हैं। सभी विद्यार्थी मॉडल लेकर आएंगे। सभी बच्चों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने नवीन विचारों पर आधारित मॉडल लेकर आएं। जिला विज्ञान पर्यवेक्षक हमीरपुर राजेश गौतम ने कहा कि इस मानक प्रतियोगिता में विजेता रहने वाले 10 फीसदी विद्यार्थियों का चयन राज्यस्तरीय इंस्पायर अवार्ड प्रदर्शनी व प्रतियोगिता के लिए होगा। सभी प्रतिभागी बच्चों के लिए रहने व खाने की व्यवस्था प्रतियोगिता स्थल पर ही होगी।