परीक्षा केंद्र के नवीनीकरण की तिथि को बढ़ाने का किया आग्रह
नादौन (हमीरपुर)। प्रदेश एफिलिएटेड स्कूल एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को प्रदेश अध्यक्ष जगजीत सिंह ठाकुर के नेतृत्व में शिक्षा बोर्ड के सचिव मेजर डॉ. विशाल शर्मा से धर्मशाला में मिला। इसमें निजी स्कूलों से संबंधित विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई। जगजीत सिंह ठाकुर ने बताया कि परीक्षा केंद्र के नवीनीकरण की तिथि को बढ़ाने का आग्रह किया गया। सचिव ने संघ के निवेदन को स्वीकार करते हुए नवीनीकरण की तिथि 15 सितंबर तक बढ़ा दी है। इसके अतिरिक्त एफिलिएशन के रिन्युअल के लिए डॉक्यूमेंटेशन को कम करने और इस प्रक्रिया का सरलीकरण करने का आग्रह किया गया। इसके लिए भी सचिव ने मौके पर ही जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए। उन्होंने बताया कि पुराने परीक्षा केंद्र जो सभी प्राइवेट स्कूलों में चले हैं और जिनका पहले निरीक्षण हो चुका है उनको नवीनीकरण कैटेगिरी में लाने का निवेदन किया गया। इसे भी सचिव ने स्वीकार कर लिया और संबंधित विभाग को जरूरी दिशा-निर्देश जारी कर दिए। इस दौरान संघ के प्रदेश महासचिव सुमन ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश शर्मा, प्रदेश सचिव प्रताप वर्मा, सदस्य अश्विनी बस्ती, प्रदेश मीडिया इंचार्ज निष्पक्ष भारती, हमीरपुर ब्लॉक अध्यक्ष अमित ठाकुर, बिलासपुर अध्यक्ष पवन कुमार आदि उपस्थित रहे।