हमीरपुर। जिले भर के दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए मेडिकल जांच शिविर आयोजित होंगे। मेडिकल जांच शिविरों में सुंदरनगर की विशेषज्ञ टीम विद्यार्थियों को स्पीच, फिजियोथैरेपी सहित अन्य थैरेपी देने के लिए अभिभावकों को प्रशिक्षण देगी। ताकि अभिभावक बच्चों को घर पर थैरेपी दे सकें। वहीं, कृत्रिम अंग निर्माता कंपनी एल्मिको विद्यार्थियों को विभिन्न कृत्रिम अंग देने के लिए जांच करेगी। इसमें विद्यार्थियों की जांच के बाद कृत्रिम अंग बनाने के लिए उनका रिकॉर्ड एकत्रित किया जाएगा।
शैक्षणिक सत्र 2022-23 में भी जिले भर के दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए मेडिकल जांच शिविरों का आयोजन किया गया था, जिसके तहत हाल ही में प्रदेश मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की ओर से जिले भर के 210 दिव्यांग विद्यार्थियों को विभिन्न कृत्रिम अंग प्रदान किए गए हैं। वर्तमान में जिले भर के 745 स्कूलों में 260 दिव्यांग बच्चे दाखिल हैं। इसमें से 80 दिव्यांग विद्यार्थी चलने फिरने और उठने में पूरी तरह असमर्थ हैं। यह विद्यार्थी घर से ही पढ़ाई कर रहे हैं। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए वर्ष शिक्षा विभाग की ओर से मेडिकल जांच शिविरों का आयोजन किया जाता है ताकि विद्यार्थियों को पढ़ाई करने में आसानी हो सके। जिला शिक्षण प्रशिक्षण संस्थान गौना करौर के प्रधानाचार्य धर्मपाल चौधरी ने कहा कि दिव्यांग विद्यार्थियों के मेडिकल जांच शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसमें विद्यार्थियों को थैरेपी देने का प्रशिक्षण और कृत्रिम अंग प्रदान करने के लिए जांच की जाएगी।