आज नामांकन करेंगे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, रैली से किया शक्ति प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
हमीरपुर। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की विजय संकल्प रैली में प्रचार का डिजिटल रंग देखने को मिला है। 35 मील लंबी इस विजय संकल्प रैली में ड्रोन का खूब इस्तेमाल हुआ। डिजिटल स्क्रीन, फूलों की ड्रोन और मशीनों से बौछारें से माहौल खूब हाईटेक दिखा। शहर के प्रवेश द्वार पर लगे स्वागत गेट पर भाजपाई दिग्गज नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर व प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल खुली जीप पर रोड शो में शामिल हुए। यहीं से रोड शो के डिजिटल प्रचार की शुरुआत हुई। जैसे ही रोड शो मुख्य बाजार की ओर बढ़ा तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के फोटो लगे बैनर ड्रोन से आसमान पर दर्शाए गए। रोड शो को डिजिटल स्वरूप में मुख्य बाजार में दाखिल किया गया। गांधी चौक तक यही सिलसिला जारी रहा। मुख्य बाजार में मंच से लेकर अन्य कई जगहों पर एलईडी स्क्रीन से लाइव किया गया था। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के आधिकारिक यू ट्यूब चैनल पर भी रैली को लाइव दिखाने का प्रबंध किया गया था। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने नामांकन से दो दिन पूर्व रैली से शक्ति प्रदर्शन किया लेकिन सोमवार को वह सादे तरीके से पर्चा भरेंगे। 12 बजे के करीब जिला भाजपा पदाधिकारियों संग वह सादे तरीके से जिला निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में पर्चा भरने पहुंचेंगे।