दो वर्ष पूर्व शरारती तत्वों ने उखाड़ दिए थे सड़क पर लगाए साइन बोर्ड
अब बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को होती है दिक्कत
संवाद न्यूज एजेंसी
बिझड़ी (हमीरपुर)। उपमंडल बड़सर के सलौणी दियोटसिद्ध मार्ग पर सड़क किनारे साइन बोर्डों की कमी से वाहन चालक परेशान होते हैं। बिझड़ी से लेकर दियोटसिद्ध तक दो वर्ष पूर्व सभी साइन बोर्डों को शरारती तत्वों ने उखाड़ दिया था। उसके बाद कुछ बोर्ड स्थापित भी हुए। सलौणी से दियोटसिद्ध सीधा मार्ग ज्वालामुखी को जाता है। इस मार्ग से श्रद्धालु बाबा बालक नाथ मंदिर में पहुंचते है और अगर श्रद्धालुओं ने ज्वालामुखी जाना हो तो इसी मार्ग से वापसी भी करते हैं। वहीं, सलौणी से लेकर दियोटसिद्ध तक सड़क किनारे साइन बोर्डों की काफी कमी है। इक्का-दुक्का जगह पर साइन बोर्ड लगे हैं। पूर्व में एबीसी चौक पर तीन साइन बोर्ड होते थे लेकिन अब एक भी नहीं है। इससे बाहर से आने वाले लोग विशेषकर श्रद्धालु जो बाबा बालक नाथ मंदिर हजारों की संख्या में पहुंचते हैं, रास्ता भटक जाते हैं। इस संदर्भ में लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता राजेंद्र ने कहा कि बीच-बीच में इस सड़क मार्ग पर साइन बोर्ड स्थापित करवाए थे ताकि इससे बाहर से आने वाले लोगों को कोई परेशानी न हो। साइन बोर्ड तोड़े गए हैं तो इसका पता लगाया जाएगा।