दियोटसिद्ध (हमीरपुर)। विश्व प्रसिद्ध सिद्धपीठ बाबा बालकनाथ धाम दियोटसिद्ध में इन दिनों आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। रोजाना हजारों श्रद्धालु बाबा की पवित्र गुफा में माथा टेककर सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं। गुफा में दर्शन के उपरांत श्रद्धालु मंदिर के गद्दीनशीन महंत श्री श्री 1008 राजेंद्र गिरी महाराज के दरबार में भी हाजिरी लगाकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। मंदिर परिसर में सुबह से देर शाम तक भक्तों की लंबी कतारें लगी रहती हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली सहित देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु यहां पहुंचकर बाबा के प्रति अपनी आस्था प्रकट कर रहे हैं। मंदिर और आसपास के क्षेत्र के विकास में विभिन्न महंतों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। वर्ष 1975 में ब्रह्मलीन महंत शिव गिरी ने यहां लंगर व्यवस्था की शुरुआत कर श्रद्धालुओं को बड़ी सुविधा प्रदान की थी।