हमीरपुर। बंदोबस्त के बावजूद महाल अणु कलां और अणु खुर्द गांवों के बीच सीमा डेढ़ दशक बाद भी तय नहीं हो सकी है। इससे इन दोनों गांवों में भूमि विवाद हो रहे हैं। भू व्यवस्था विभाग ने वर्ष 2007-2008 में अणु कलां में बंदोबस्त किए थे लेकिन उस दौरान अणु कलां और महाल अणु खुर्द गांव की सीमा तय नहीं की गई। ग्राम पंचायत अणु खुर्द ने वर्ष 2016 में भू व्यवस्था अधिकारी धर्मशाला से इस बारे में उचित कार्रवाई की मांग की है। अणु खुर्द एवं अणु कलां की सीमा पर स्थित भूमि के मालिकाना हक के लिए दोनों गांवों के बाशिंदों में हर समय विवाद होता रहता है और तनाव की स्थिति बनी रहती है। स्थानीय लोगों गोरख राम, विजय कुमार, लेख राज, जगत राम, रणवीर सिंह, सुरती प्रकाश, मरखू गांव, सरवन कुमार, रवि कुमार, रघुवीर सिंह, संजीव कुमार, परविंद्र कुमार, रजनीश कुमार, देश राज, कुलदीप कटोच, गौरव रात आदि ने कहा कि मौके पर दोनों महालात की सीमा कागजात माल के अनुसार बताए जाएं।
इसके लिए अणु खुर्द के पटवारी एवं कानूनगो को भी तहसीलदार हमीरपुर के माध्यम से एक प्रतिलिपि दी जाए ताकि दोनों मुहाल के पटवारी एवं कानूनगो मौके के लिए तारीख निश्चित कर सकें और विवाद हमेशा के लिए खत्म हो सके। सीमा पर पक्की बुर्जियां लगाई जाएं। उन्होंने कहा कि जिनकी दोनों मुहाल के साथ जमीन लगती है, सही जानकारी मिलने पर जो छोटा मोटा फर्क होगा उसे मौके पर कब्जा अनुसार आपस में समझ कर विवाद खत्म कर लिया जाए। उन्होंने मांग की है कि संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करें ताकि सीमा संबंधी विवाद को शीघ्र अतिशीघ्र हमेशा के लिए समाप्त किया जा सके।
कोट
डीसी हमीरपुर अमरजीत सिंह का कहना है कि इस विषय पर तमाम जानकारी जुटाने के बाद आगामी कदम उठाए जाएंगे। लोगों को कोई दिक्कत पेश न आए, इसका ध्यान रखा जाएगा।