हमीरपुर। दी हमीरपुर उपभोक्ता संरक्षण संगठन हमीरपुर ने भीषण गर्मी में स्कूलों में प्रार्थनासभा की समयसारिणी कम करने की मांग की है। मांग को लेकर संगठन के पदाधिकारियों ने उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ को मांग पत्र सौंपा। संगठन के मुख्य संरक्षण एडवोकेट सुशील शर्मा ने कहा कि जिले में बीते कुछ दिन से प्रचंड गर्मी पड़ रही है। ऐसे में स्कूलों में अक्सर प्रार्थना सभाएं खुले मैदान में होती हैं। कड़ी धूप के बीच लंबे समय तक खड़े रहने से विद्यार्थियों के स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है। कुछेक स्कूलों में विद्यार्थियों के बेहोश होने के मामले भी सामने आए हैं। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए प्रार्थना सभा को अस्थायी तौर पर बंद या समय कम करने के निर्देश दिए जाएं ताकि विद्यार्थियों को समस्या से निजात मिल सके।