हमीरपुर। जिले की विभिन्न समितियों और सभाओं ने सोमवार को उपायुक्त से मिलकर मिनी सचिवालय के पास नगर परिषद के नवनिर्मित शौचालय में शौच जाने का शुल्क 10 रुपये से कम कर पांच रुपये करने की मांग की। इसके लिए उन्होंने उपायुक्त को मांग पत्र सौंपा है। प्रभात सुधार सभा हमीरपुर के अध्यक्ष प्रकाश चंद सेन, शिवालय लंगर एवं कल्याण समिति हमीरपुर के अध्यक्ष डीडी शर्मा, दरिद्र नारायण कल्याण समिति के अध्यक्ष मिलाप सिंह, सर्वहित सुधार सभा के अध्यक्ष कमलेश चंद आदि ने कहा कि पुराने शौचालय को गिराकर आधुनिक सुविधाओं से लेस (सुसज्जित) नया शौचालय बनाया है। इसका शुल्क नगर परिषद ने एक ही झटके में पांच रुपये से दोगुना बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया है जो अत्यधिक है। नगर परिषद हमीरपुर की ओर से 10 रुपये शौच जाने के शुल्क को अब पूरे प्रदेश में लागू किया जा सकता है। हर जगह सार्वजनिक शौचालय में जाने के लिए महिलाओं को पांच रुपये शुल्क चुकाना पड़ता है, जबकि पुरुषों के लिए कोई शुल्क नहीं होता है। ऐसे में नगर परिषद हमीरपुर ने इस शुल्क को पांच रुपये से बढ़ाकर 10 रुपये कर दिया है। इसलिए इस शुल्क को 10 रुपये से पांच रुपये किया जाए।