हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश स्कूल प्रवक्ता संघ ने 2 वर्षों से प्रधानाचार्य की पदोन्नति सूची जारी न करने पर खेद प्रकट किया है। संघ के राज्य प्रधान केसर ठाकुर, महासचिव संजीव ठाकुर, वित्त सचिव धीरज व्यास, विनोद बन्याल सहित अन्य सदस्यों ने प्रदेश सरकार से प्रवक्ता वर्ग से प्रधानाचार्य की पदोन्नति सूची को शीघ्र जारी की गुजारिश की है। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि इस समय प्रदेश की वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं में 400 के करीब प्रधानाचार्यों के पद खाली चल रहे है। अंतिम बार प्रिंसिपल की प्रमोशन लिस्ट 14 नवंबर 2018 को निकाली गई थी। बहुत सारे प्रवक्ता पदोन्नति की आस में पिछले लगभग 2 वर्षों से बैठे हैं और कई बगैर पदोन्नति के सेवानिवृत्त भी हो रहे हैं। स्कूल प्रवक्ता संघ ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज, शिक्षा सचिव राजीव शर्मा व निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. अमरजीत शर्मा से प्रधानाचार्य की पदोन्नति सूची शीघ्र जारी करने की मांग की है।