नीट परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली दीक्षा ठाकुर।
- फोटो : Hamirpur-HP
गलोड़(हमीरपुर)। ग्राम पंचायत कश्मीर की दीक्षा ठाकुर ने पहले ही प्रयास में नीट उत्तीर्ण कर ली है। एमबीबीएस के लिए अब दीक्षा जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में पढ़ाई करेंगी। दीक्षा ठाकुर की इस उपलब्धि पर उसके परिजनों और गांव में खुशी का माहौल है। दीक्षा ठाकुर ने गांव के ही स्कूल से जमा दो की परीक्षा पास की।
दो वर्ष की अपनी और शिक्षकों की कड़ी मेहनत के दम पर दीक्षा ठाकुर ने पहले प्रयास में ही यह नीट उत्तीर्ण की। दीक्षा ठाकुर के पिता सुभाष ठाकुर सेना से सेवानिवृत्त हैं और माता नीलम कुमारी गृहिणी हैं। दीक्षा का भाई चंडीगढ़ से बीएससी कर रहा है। दीक्षा ठाकुर ने कहा कि वह हर रोज 11 से 12 घंटे तक पढ़ाई करती थीं। उन्होंने कहा कि वह सोशल मीडिया का बहुत कम इस्तेमाल करती हैं। उस का मुख्य उद्देश्य पढ़ाई के माध्यम से अपने लक्ष्य को हासिल करना ही रहता था। दीक्षा ने अपनी उपलब्धि का श्रेय गुरुजनों को और अपने माता-पिता को दिया।