बिझड़ी (हमीरपुर)। ताल स्टेडियम बिझड़ी में मेले को लेकर गतिरोध जारी है। स्थानीय व्यापारी बुधवार को इस मसले को लेकर विधायक लखनपाल से विश्रामगृह बिझड़ी में मिले। काफी देर तक गहमागहमी के माहौल में विधायक बड़सर इंद्रदत्त लखनपाल ने व्यापारियों को समझाने का प्रयास किया कि इस तरह के मेलों का आयोजन प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी होता रहा है तथा व्यापार घटने के बजाय बढ़ता ही है। लेकिन, व्यापारियों का तर्क था कि वे पहले से मंदी का दंश झेल रहे हैं ।
ऑनलाइन व्यापार व अन्य कारणों से दुकानों का किराया व अन्य खर्च निकालना मुश्किल हो चुका है। ऐसे में जब बाहर के थोक विक्रेता यहां सस्ता माल लाकर लोगों को घरद्वार पर बेचेंगे तो उनके पास कौन आएगा। व्यापारियों का कहना है कि हमारा सांस्कृतिक और खेलकूद गतिविधियां कराने पर कोई विरोध नहीं है। अगर इस तरह की गतिविधियां होती हैं तो स्वागत है लेकिन बाहरी व्यापारी अगर यहां अपना स्टॉल लगाएंगे तो उसे किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन अगर एकतरफा फैसला थोपता है तो उसका विरोध लगातार जारी रहेगा। बाजार कमेटी प्रधान रणजीत बब्बी के अनुसार ट्रेड फेयर के दौरान किसी भी तरह की बाहरी व्यापारियों की गतिविधि नहीं होगी। सांस्कृतिक व खेलकूद गतिविधियां आयोजित की जा सकती हैं। इसके लिए पंचायत के साथ बात हो रही है। उधर, पंचायत प्रधान बिझड़ी संजय शर्मा के अनुसार बाजार के कुछ लोग अगर विरोध में हैं तो कुछ लोग पक्ष में भी हैं। फिर भी आपसी भाईचारे को देखते हुए समाधान का प्रयास किया जा रहा है। जहां तक मेले का सवाल है तो मेला अब 5 फरवरी से 17 फरवरी तक लगेगा। मेले में स्थानीय व्यापारियों के पक्ष को ध्यान में रखा जा रहा है।