काँगू नादौन (हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के अंतर्गत कोटला चिल्लियां पंचायत में गत दो दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव कुंए में बरामद होने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्थानीय निवासी रामपाल 49 वर्ष के तौर पर हुई है। पता चला है कि दो दिन से परिजन उसे ढूंढ रहे थे। रविवार को कुंए से जब बदबू आने लगी तो लोगों को इस बारे पता चला। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। आशंका जताई जा रही है कि घर जाते समय रामपाल कुंए में गिर गया होगा। मौका पर पहुंचे एसआई नरेश कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज करके आगे छानबीन आरंभ कर दी गई है।