बड़सर (हमीरपुर)। पुलिस थाना बड़सर के अंतर्गत मैहरे बाजार में किराये के कमरे में एक प्रवासी मजदूर का शव बरामद हुआ है। मृतक की पहचान दिनेश कुमार (27) निवासी बिहार के रूप में हुई है। मजदूर के साथ काम करने वालों और गांव के लोगों ने बताया कि सोमवार को दिनेश काम पर नहीं आया था, वहीं आज जब उन्होंने उससे बात करनी चाही तो वह उसके कमरे में पहुंचे। जहां उन्होंने दिनेश कुमार को मृत हालत में देखा।
उन्होंने इसकी जानकारी पुलिस थाना बड़सर में दी। इसके बाद शाम के समय पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंच कर सभी पक्षों के बयान दर्ज किए। इस बारे में बड़सर पुलिस के थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने कहा कि प्रथम दृष्टि में यह आत्महत्या या हत्या का मामला तो नहीं लग रहा है, लेकिन शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट होंगे। तथ्यों के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है। घटना की जांच की जा रही है।