नादौन(हमीरपुर)। थाना क्षेत्र नादौन के बड़ा कस्बा के निकट चढूं गांव से लापता जलशक्ति विभाग के कर्मचारी की लाश तीन दिन बाद शनिवार को व्यास नदी के किनारे बरामद हुई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस रविवार को हमीरपुर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाएगी। कर्मचारी की हत्या हुई है या आत्महत्या यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चल पाएगा। 10 जून को 40 वर्षीय कुलदीप डोगरा पुत्र अमृत लाल निवासी गांव चढूं स्थित अपने घर से लापता था। परिजनों ने बताया कि कुलदीप जल शक्ति विभाग का कर्मचारी है। गत बुधवार सायं वह घर से बाहर गांव की ओर निकला था। वीरवार को मामला पुलिस में पहुंचा था पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और उसकी तलाश आरंभ कर दी। चार दिनों के बाद कुलदीप का शव व्यास नदी के किनारे बरामद हुआ। थाना प्रभारी प्रवीण राणा ने बताया कि लापता व्यक्ति की लाश नदी के किनारे मिली है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।